युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

लखनऊ (विकासनगर): पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन की विकासनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला 20 दिसंबर 2025 का है, जब शिकायतकर्ता की तहरीर पर थाना विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अजीत कुमार मौर्या ने पीड़िता के साथ रहते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आत्महत्या के लिए उकसाया। इसके चलते युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अतुल कुमार द्वारा साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और जमीनी सूचना तंत्र की मदद से आरोपी को देवा रोड स्थित समर्पण अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जिला कारागार लखनऊ में निरुद्ध कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को मानसिक रूप से इस हद तक प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108/351(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
उपनिरीक्षक अतुल कुमार
उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव
आरक्षी संतोष कुमार यादव
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



