चार साल पूरे होने पर CM धामी से बार एसोसिएशन देहरादून का शिष्टाचार भेंट, न्यायिक सुधारों पर हुई चर्चा

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में बार एसोसिएशन देहरादून के अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के समग्र विकास के प्रयासों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण, न्यायालय परिसरों में सुविधाओं के विस्तार और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की गई।
बैठक में नई आपराधिक संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने कहा कि नई संहिताओं के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक सुदृढ़, त्वरित और जनोन्मुखी बनेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बार और बेंच के बीच समन्वय बेहद जरूरी है और इसमें अधिवक्ताओं की भूमिका अहम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्यायिक अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। न्यायालय परिसरों के आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार, ई-कोर्ट प्रणाली को बढ़ावा देने और न्यायिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कई पहल की जा रही हैं। साथ ही अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए बार भवनों का निर्माण, पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन को सुलभ न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिवक्ताओं और बार संगठनों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा, ताकि न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके



