सेवा संकल्प अभियान के तहत मरीजों को फल और भोजन वितरित

सीएचसी गुडम्बा में भर्ती मरीजों का जाना हाल, स्टाफ के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश
लखनऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुडम्बा में मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया गया। सीएचसी के सुपरिंटेंडेंट डॉ. दीपक सिंह के नेतृत्व में अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को फल और भोजन वितरित किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों का हालचाल भी जाना गया और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों को उपचार के साथ मानवीय सहयोग और अपनापन उपलब्ध कराना रहा। फल एवं भोजन पाकर मरीजों और उनके तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के बाद सुपरिंटेंडेंट डॉ. दीपक सिंह ने सीएचसी के सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मरीजों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार के साथ सम्मान और सहयोग का भी हकदार है। उन्होंने स्टाफ से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मरीजों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने अभियान को लगातार प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीएचसी का चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।



