उत्तर प्रदेश

आशीर्वाद के 12 हजार दीयों से रोशन हुआ लखनऊ, स्वच्छता के साथ सेवा का संदेश

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शहर के आठों जोनों में हुआ दीपोत्सव, घाटों से लेकर पार्क और प्रमुख स्थल तक जगमगाए

लखनऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को राजधानी के आठों नगर निगम जोनों में ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम लखनऊ के सहयोग से हुए इस विशेष दीपोत्सव में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर करीब 12 हजार दीये जलाए गए। शाम ढलते ही घाटों, पार्कों, चौराहों और शहीदों की प्रतिमाओं के आसपास दीपों की रोशनी से माहौल जगमगा उठा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता ही सेवा अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया। दीप प्रज्ज्वलन से पहले नगर निगम की ओर से सभी आयोजन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई कराई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में दीप जलाकर शहर के प्रमुख स्थानों को रोशन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश भी दिया गया।

महापौर ने कैंप कार्यालय और स्मार्ट सिटी कार्यालय में जलाए दीप

महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने महापौर कैंप कार्यालय पर दीप जलाकर ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में भी दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी के माध्यम से शहर को और बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।

आठों जोनों में अलग-अलग स्थलों पर दीपोत्सव

नगर निगम ने शहर के सभी आठों जोनों में अलग-अलग प्रमुख स्थलों को दीपों से सजाया। जोन-1 में 1,000, जोन-2 में 1,500, जोन-3 में 1,000, जोन-4 में 1,500, जोन-5 में 1,000, जोन-6 में 2,000, जोन-7 में 2,100 और जोन-8 में 1,500 दीये जलाए गए।

जोन-1: लक्ष्मण मेला घाट पर 1,000 दीये जलाए गए। कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य की भी उपस्थिति रही। आयोजन जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में हुआ।

जोन-2: लाल बहादुर शास्त्री प्रतिमा स्थल पर 1,500 दीयों से दीपोत्सव हुआ। सदस्य विधान परिषद रामचन्द्र सिंह प्रधान, पार्षदगण, पार्षद प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन की जिम्मेदारी जोनल अधिकारी मनोज यादव ने संभाली।

जोन-3: झूलेलाल वाटिका में 1,000 दीये जलाए गए। भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम जोनल अधिकारी अजीत राय के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

जोन-4: मनोज पाण्डेय चौराहे पर 1,500 दीयों से दीपोत्सव मनाया गया। सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और नगर निगम अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में हुआ।

जोन-5: सेंट्रल पार्क में 1,000 दीये जलाए गए। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन जोनल अधिकारी विनीत सिंह के नेतृत्व में किया गया।

जोन-6: कुड़िया घाट पर 2,000 दीये जलाए गए। यहां सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी, स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह यादव के नेतृत्व में हुआ।

जोन-7: कुकरैल घाट पर सबसे अधिक 2,100 दीये जलाए गए। कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में किया गया।

जोन-8: हिन्दनगर स्थित शहीदों के प्रतिमा स्थल पर 1,500 दीयों से दीपोत्सव हुआ। पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’ समेत अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम जोनल अधिकारी आशीष सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

सफाई के बाद रोशन हुए सार्वजनिक स्थल

‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दीपोत्सव से पहले सभी आयोजन स्थलों पर नगर निगम की ओर से साफ-सफाई कराई गई। घाटों, पार्कों, चौराहों और प्रतिमा स्थलों को व्यवस्थित करने के बाद दीप जलाए गए। इससे कार्यक्रम में स्वच्छता और सेवा दोनों का संदेश एक साथ देखने को मिला।

जनभागीदारी से स्वच्छ शहर का संकल्प

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और शहर के सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने घर के साथ आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने में सहयोग करें।

दीयों की रोशनी के बीच लोगों ने स्वच्छ और सुंदर लखनऊ बनाने का संकल्प लिया। नगर निगम की ओर से आयोजित इस सामूहिक दीपोत्सव में जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी ने स्वच्छता ही सेवा अभियान को जनअभियान का स्वरूप देने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button