लखनऊ में चार चेन लूट का राजफाश, दो शातिर अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार
अलीगंज, विकासनगर, गाजीपुर और गुडंबा में वारदात के बाद दिल्ली भाग गए थे आरोपी, लूट की रकम से खरीदी Euler कार बरामद

लखनऊ। राजधानी में राह चलते लोगों से चेन झपटमारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने राजफाश किया है। अलीगंज पुलिस, डीसीपी उत्तरी और पूर्वी की स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अंतरराज्यीय लुटेरों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लूट की रकम से खरीदी गई Euler TourboEV1000 समेत वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, छह और सात अगस्त को महज कुछ घंटों के भीतर गाजीपुर, विकासनगर, अलीगंज और गुडंबा क्षेत्र में चार चेन स्नेचिंग की वारदातें हुई थीं। लगातार हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया।

सीसीटीवी से दिल्ली तक पहुंची पुलिस
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध वाहन का पंजीकरण नंबर मिला। वाहन को ट्रेस करते हुए पुलिस टीम दिल्ली पहुंची। वहां Euler Motors के पास दो संदिग्ध दिखाई दिए। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू और ब्रजेश्वर अग्निहोत्री उर्फ वासु के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को चार सितंबर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
कुछ घंटों में चार वारदातें
पुलिस के अनुसार, छह अगस्त की रात करीब 11:30 बजे गाजीपुर क्षेत्र के इंदिरानगर में पहली वारदात हुई। इसके बाद सात अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे विकासनगर सेक्टर-4, छह बजे अलीगंज के संगम चौराहे और करीब 6:40 बजे गुडंबा क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की गई।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चारों आरोपित पांच अगस्त को पूर्व नियोजित योजना के तहत दिल्ली से लखनऊ आए थे और होटल में रुके थे। वारदात के बाद कुकरैल के पास सभी एकत्र हुए। इसके बाद तीन आरोपित कार से दिल्ली और एक आरोपित अपाचे बाइक से कन्नौज चला गया।
लूट की रकम से खरीदी Euler कार
पुलिस के मुताबिक, लूटी गई चेन को गिरोह के एक साथी ने बेच दिया था। इससे करीब 1.35 लाख रुपये मिले थे। इसी रकम से चार पहिया वाहन खरीदने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने DL-1LAT-5642 नंबर की Euler TourboEV1000 बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल DL-8CAJ-4050 नंबर की स्विफ्ट कार भी बरामद हुई है।

दो फरार, एक पहले से जेल में
पुलिस ने मामले में अभिषेक वाल्मीकि और देव गुप्ता को वांछित बताया है। पुलिस के अनुसार देव गुप्ता एक अन्य मामले में करनाल, हरियाणा की जेल में है। दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अभिषेक पर दर्ज हैं 13 मुकदमे
गिरफ्तार आरोपित अभिषेक गुप्ता उर्फ जानू का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं दूसरे आरोपित ब्रजेश्वर अग्निहोत्री उर्फ वासु के खिलाफ भी बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
घटना के सफल अनावरण पर डीसीपी उत्तरी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और लूट की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच जारी है।



