मदन बिहारी तिवारी के परिवार से मिलीं पूजा शुक्ला, अखिलेश ने फोन पर जताई संवेदना

लखनऊ: मड़ियांव क्षेत्र में जान गंवाने वाले मदन बिहारी तिवारी के परिवार से बुधवार को समाजवादी पार्टी की उत्तर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं प्रवक्ता पूजा शुक्ला ने भरतनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से दी गई एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवार को सौंपी।

पूजा शुक्ला ने पीड़ित परिवार की अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत भी कराई। परिजनों ने घटना को लेकर न्याय की मांग की और अखिलेश यादव का आभार जताया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रयास किया जाएगा।
पूजा शुक्ला ने कहा कि पार्टी परिवार के साथ है और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके अनुसार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए इसे बेहद दुखद बताया।



