वांछित आरोपियों के घर पहुंची विकासनगर पुलिस, चस्पा किया कुर्की से पहले का इश्तहार

लखनऊ। न्यायालय के आदेश के बाद विकासनगर पुलिस ने वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा (Proclamation) की कार्रवाई पूरी की। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के निवास स्थान पर पहुंचकर इश्तहार चस्पा किया और लाउड हेलर के जरिए सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा पढ़कर सुनाई।
यह कार्रवाई मु0अ0सं0-66/2026 में वांछित अभियुक्तों सचिन पाल और मो0 खुसरो की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए की गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय), कक्ष संख्या-27, लखनऊ की अदालत ने 3 सितंबर 2026 को BNSS की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की थी।
मकान से लेकर कोर्ट के नोटिस बोर्ड तक चस्पा किया इश्तहार
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 4 सितंबर को विकासनगर पुलिस आरोपियों के बताए गए पते पर पहुंची। पुलिस ने मकान और मोहल्ले के सार्वजनिक एवं सहजदृश्य स्थानों पर उद्घोषणा चस्पा की। इसके साथ ही लाउड हेलर के माध्यम से लोगों के बीच उद्घोषणा पढ़कर सार्वजनिक की गई। न्यायालय के नोटिस बोर्ड पर भी इसकी प्रतियां चस्पा की गईं।

पुलिस के मुताबिक पूरी कार्रवाई स्थानीय पुलिस बल और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कराई गई। कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी अक्षांश-देशांतर सहित कराई गई है।
इन धाराओं में वांछित हैं आरोपी
विकासनगर थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5), 61(2)(a), 109(1), 131, 191(2), 191(3), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
आरोपियों का विवरण
सचिन पाल, पुत्र जितेन्द्र पाल, निवासी मोहल्ला रोटी गोदाम, थाना कोतवाली, जनपद सीतापुर।
मो0 खुसरो, पुत्र इन्तजार अहमद, निवासी सीमान्त नगर कल्याणपुर, थाना गुडम्बा, जनपद लखनऊ।
थानाध्यक्ष विकास नगर अलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में दो सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी लेखराज पन्ना और आरक्षी शिवम यादव, थाना विकासनगर शामिल रहे।
न्यायालय के आदेश के बाद हुई इस उद्घोषणा कार्रवाई से पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों पर कानून का शिकंजा और कस दिया है।



