लाला लाजपत राय वार्ड में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

संवाददाता लखनऊ, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में लाला लाजपत राय वार्ड में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पार्षद राघवराम तिवारी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने पार्षद कार्यालय से किया।
तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोक गायिका शीलू श्रीवास्तव ने ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ और ‘ऐ वतन तेरे लिए’ सहित कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा पंचमुखी हनुमान मंदिर, कुर्सी रोड सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से होते हुए टेढ़ी पुलिया चौराहे पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। रास्ते में स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर, पार्षद राघवराम तिवारी, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, वार्ड अध्यक्ष राम प्रसाद यादव, लोक गायिका शीलू श्रीवास्तव, अमित, अशोक तिवारी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, गुरुकुल के विद्यार्थी, स्थानीय निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। आयोजन में युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।



