उत्तर प्रदेश

5 महीने से लापता 11 वर्षीय रवि को गौतमपल्ली पुलिस ने सकुशल खोज निकाला, मां से मिलते ही छलके आंसू

लखनऊ। थाना गौतमपल्ली क्षेत्र से करीब पांच महीने से लापता चल रहे रवि को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। बालक के मिलने की सूचना पर परिजन राजकीय बाल गृह, मोहन रोड पहुंचे। मां को सामने देखते ही रवि भावुक होकर उनसे लिपट गया। मां-बेटे के मिलन का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

रवि 14 मार्च 2026 को पनेसिया हॉस्पिटल के पास स्थित झुग्गी-झोपड़ी से लापता हो गया था। उसकी तलाश में गौतमपल्ली पुलिस लगातार चारबाग रेलवे स्टेशन, चारबाग चुंगी स्थित शेल्टर होम, लाटूश रोड शेल्टर होम, आलमबाग बस स्टैंड सहित कई संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही थी।

तलाश के दौरान पुलिस टीम को राजकीय बाल गृह (बालक), मोहन रोड में रवि के होने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां पहुंचकर फोटो के माध्यम से पहचान कराई और बालक को सामने बुलाकर पूछताछ की। बालक ने अपना नाम रवि बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया।

रवि की मां मोना देवी और उसके चाचा भोला राजकीय बाल गृह पहुंचे। परिजनों ने बालक की पहचान अपने लापता बेटे रवि के रूप में की। मां को देखते ही रवि उनसे लिपटकर भावुक हो गया। लंबे इंतजार के बाद बेटे को सकुशल पाकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

गौतमपल्ली थानाध्यक्ष विपिन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की लगातार मेहनत रंग लाई। रवि के सकुशल मिलने पर परिजनों ने लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button