उत्तराखंड

धामी ने रेल परियोजनाओं में तेजी के दिए निर्देश, स्टेशन क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) और रेल विकास निगम (RVNL) आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि स्टेशन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजना की एस्केप टनल को समानांतर सड़कों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी रूप से संभव हो तो इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन के विस्तार की संभावनाओं का भी परीक्षण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में प्रारंभिक अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क को और मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों को बेहतर यातायात सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है और रेल परियोजनाएं इसमें अहम भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button