उत्तर प्रदेश

दुधवा टाइगर रिजर्व पर आधारित पुस्तक ‘टाइगर गार्डियन्स ऑफ दुधवा’ का विमोचन

लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ के सारस प्रेक्षागृह में 18 अगस्त 2026 को ‘टाइगर गार्डियन्स ऑफ दुधवा’ पुस्तक का भव्य विमोचन किया गया। पुस्तक का विमोचन मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश ने किया।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग वी. हेकाली झिमोमी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा वेंगुरी सहित वन विभाग एवं प्राणि उद्यान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया तथा पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष स्व. डॉ. राम लखन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

पुस्तक की संकलनकर्ता संजय कुमार, आईएएस ने बताया कि पुस्तक में दुधवा नेशनल पार्क से जुड़े 22 लोगों के अनुभवों और संस्मरणों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि दुधवा की प्राकृतिक सुंदरता और वहां के वन्यजीव संरक्षण के अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण में वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और एनजीओ समेत अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने दुधवा नेशनल पार्क को देश के प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों में शामिल बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जंगलों से सटे गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि वी. हेकाली झिमोमी ने पुस्तक के संकलन में सहयोग करने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दुधवा में कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण एवं मेहनत का यह पुस्तक परिचय कराती है।

मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने पुस्तक के संकलनकर्ता संजय कुमार को बधाई देते हुए कहा कि ‘टाइगर गार्डियन्स ऑफ दुधवा’ में शामिल अनुभव दुधवा और वन्यजीव संरक्षण को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पुस्तक को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उपयोगी प्रयास बताया।

कार्यक्रम में पुस्तक के सभी संकलनकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद दुधवा नेशनल पार्क में कार्य कर चुके अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button