उत्तर प्रदेश

रेलवे बोर्ड सदस्य (वित्त) मंजूषा जैन का आईआरआईटीएम लखनऊ दौरा, प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया सुशासन का मंत्र

लखनऊ। भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान में बुधवार को रेलवे बोर्ड की सदस्य (वित्त) मंजूषा जैन ने दौरा कर अधिकारियों, संकाय सदस्यों और प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और अधोसंरचना का जायजा लिया।

संस्थान पहुंचने पर महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर, अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि संस्थान परिवहन प्रबंधन, परिचालन, वित्त और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रेलवे अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। साथ ही हाल ही में संस्थान को क्षमता निर्माण आयोग के राष्ट्रीय मानकों के तहत “सर्वोत्कृष्ट” श्रेणी में मान्यता भी मिली है।

मंजूषा जैन ने परिसर का भ्रमण कर प्रशिक्षण सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने सभागार में भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (आईआरएमएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सुशासन की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा में दक्षता और ईमानदारी बनाए रखना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान संस्थान और रेलवे बोर्ड के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने इसे विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए संस्थागत विकास के लिए उपयोगी बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button