उत्तराखंडराजनीति

ऋषिकेश में गीता प्रेस के कार्यक्रम में अमित शाह का संदेश

‘कल्याण’ पत्रिका ने धर्म ही नहीं, राष्ट्र और चरित्र निर्माण का मार्ग दिखाया

ऋषिकेश।

गीता प्रेस द्वारा ऋषिकेश में आयोजित विशेष कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत-महात्माओं की उपस्थिति में मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक और आरोग्यांक (गुजराती संस्करण) का विमोचन किया।
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने ‘कल्याण’ पत्रिका की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पत्रिका केवल धार्मिक विचारों के प्रसार तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसने राष्ट्र, संस्कृति और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत तक ‘कल्याण’ ने सनातन विचारधारा की आवाज को जीवित रखा है।
अमित शाह ने कहा, “यह पत्रिका समय के साथ बदली नहीं, बल्कि समय को दिशा देती रही।”
उन्होंने गीता प्रेस, गोरखपुर को केवल एक प्रकाशन संस्था नहीं, बल्कि भारतीय हिंदू धार्मिक साहित्य के प्रसार का सामाजिक और सांस्कृतिक स्तम्भ बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार में गीता प्रेस का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि गीता प्रेस ने देश और समाज को नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया है।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ, रेनू बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संतगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button