अपराधउत्तर प्रदेश

कैसरबाग पुलिस की बड़ी सफलता, मकबरे से फसाड लाइट चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 5 चोरी की लाइटें बरामद

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की कैसरबाग थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की गई फिलिप्स कंपनी की 5 फसाड लाइटें भी बरामद की हैं। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर ऐतिहासिक सआदत अली खां मकबरा परिसर से लाइटें चोरी करने की घटना में शामिल था।

पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को रिजवान हुसैन निवासी मैदान एलएच खान, सआदतगंज ने थाना कैसरबाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि सआदत अली खां मकबरा परिसर में लगी फसाड लाइटें अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। शिकायत के आधार पर थाना कैसरबाग में मुकदमा संख्या 87/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल वांछित अभियुक्त स्वास्थ्य भवन चौराहे के पास स्थित ग्लोब पार्क के आसपास घूम रहा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही कैसरबाग पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंशू कश्यप (19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रमन कश्यप, निवासी बलवरिया कुतुबपुर, मनकामेश्वर मंदिर के पीछे, थाना हसनगंज, लखनऊ बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सआदत अली खां मकबरा परिसर से फसाड लाइटें चोरी की थीं और अपने हिस्से की लाइटें छिपाकर रखी हैं।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हनुमान सेतु मंदिर के पास पुल के नीचे पत्तियों के ढेर में छिपाकर रखी गई फिलिप्स कंपनी की 5 फसाड लाइटें बरामद कर लीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने साथियों के साथ सड़क किनारे सो रहे मजदूरों और राहगीरों के कीमती सामान व नकदी भी चोरी करता था। चोरी से मिलने वाले पैसों से वह नशा और अपने शौक पूरे करता था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी के दो साथी अल्तमश और सोहेल पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अंशू कश्यप गिरफ्तारी के डर से काफी दिनों तक क्षेत्र से बाहर रहा, लेकिन दोबारा चोरी की योजना बनाकर इलाके में पहुंचा, जहां कैसरबाग पुलिस ने उसे दबोच लिया।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंदन कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार तथा कांस्टेबल अनीश वर्मा शामिल रहे। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button