उत्तर प्रदेश

विकासनगर पुलिस ने ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के माध्यम से महिलाओं को किया जागरूक, सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के थाना विकासनगर स्थित मिशन शक्ति केंद्र द्वारा गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को सबौली सब्जी मंडी क्षेत्र में “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन कर महिलाओं एवं बेटियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ के निकट पर्यवेक्षण तथा उच्च अधिकारियों के आदेश-निर्देशों के क्रम में किया गया। सम्मेलन के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राघवराम तिवारी भी मौजूद रहे। महिलाओं को घरेलू हिंसा, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न जैसी समस्याओं का साहसपूर्वक सामना करने और किसी भी परिस्थिति में आत्महत्या जैसा कदम न उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें विपरीत परिस्थितियों में मानसिक रूप से मजबूत रहने और कानूनी सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 101 (फायर), 102 एवं 108 (एम्बुलेंस सेवा) की जानकारी दी तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए।

इस दौरान एंटी रोमियो टीम, पिंक बूथ, पिंक मोबाइल, वन स्टॉप सेंटर तथा मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली और महिलाओं को मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर महिलाओं को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

सम्मेलन में अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भी सहयोग करते हुए महिलाओं को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में उपस्थित टीम

  • उप निरीक्षक मीना वाजपेयी – प्रभारी, मिशन शक्ति टीम
  • महिला आरक्षी सीमा चौरसिया
  • महिला आरक्षी आकांक्षा पाल
  • महिला आरक्षी सुमन वर्मा

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बेटियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button