कानपुर एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा होगी और सख्त, डीसीपी ट्रैफिक ने किया संयुक्त निरीक्षण

लखनऊ। थाना बंथरा क्षेत्र में हाल ही में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस और एनएचएआई ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण में डीसीपी ट्रैफिक, एडीसीपी ट्रैफिक, एसीपी ट्रैफिक दक्षिणी, थाना बंथरा पुलिस, एनएचएआई के परियोजना निदेशक तथा कंसेशनायर की तकनीकी व संचालन टीम मौजूद रही।

संयुक्त टीम ने दुर्घटनास्थल के साथ-साथ एक्सप्रेसवे के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, टोल प्लाजा, सर्विस लेन, आपातकालीन कट, सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। दुर्घटना के कारणों की जांच स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानीय वाहन चालक अनजाने में एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर जाते हैं। टोल प्लाजा की दूरी, टोल शुल्क, दोपहिया व तिपहिया वाहनों पर प्रतिबंध तथा वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण कुछ चालक वाहन को रिवर्स करने, गलत दिशा में चलने या अनधिकृत यू-टर्न लेने की कोशिश करते हैं, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
एनएचएआई करेगा ये बड़े सुधार
संयुक्त निरीक्षण के बाद तय किया गया कि एक्सप्रेसवे के सभी प्रवेश बिंदुओं से पहले बड़े और स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर टोल की दूरी, देय टोल राशि, दोपहिया-तिपहिया वाहनों पर प्रतिबंध, निकटतम अधिकृत निकास और बिना टोल वाले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा प्रवेश बिंदुओं पर प्रभावी बैरिकेडिंग, लेन व्यवस्था, ‘नो एंट्री’, ‘नो यू-टर्न’ और ‘रॉन्ग साइड’ संकेतक, रिफ्लेक्टर तथा ब्लिंकर लगाए जाएंगे। आपातकालीन कटों को सामान्य यातायात के लिए सुरक्षित रूप से बंद रखा जाएगा।
संयुक्त पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी होगी मजबूत
एनएचएआई और कंसेशनायर द्वारा नियमित रूट पेट्रोलिंग की जाएगी। प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सहायता वाहन तैनात रहेगा, जो यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर प्रतिबंधित वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से रोकेगा।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम से गलत दिशा में चलने वाले, अनधिकृत यू-टर्न लेने वाले, प्रतिबंधित वाहनों और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस व पेट्रोलिंग टीम को उपलब्ध कराई जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तिपहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। पहली बार नियम तोड़ने पर ₹500 तथा दोबारा उल्लंघन करने पर ₹1,500 का शमन शुल्क लगाया जा सकता है। वहीं गलत दिशा में वाहन चलाने, वाहन रिवर्स करने, खतरनाक तरीके से यू-टर्न लेने और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जा सकती है।
डीसीपी ट्रैफिक की अपील
डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि यदि टोल या मार्ग की जानकारी देर से मिले तो किसी भी स्थिति में वाहन को रिवर्स न करें और न ही गलत दिशा में चलें। निकटतम अधिकृत निकास का उपयोग करें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस, टोल कर्मियों या पेट्रोलिंग टीम से सहायता लें। उन्होंने कहा कि कुछ रुपये या कुछ किलोमीटर बचाने के लिए लिया गया गलत निर्णय कई लोगों की जान जोखिम में डाल सकता है।



