उत्तर प्रदेश

35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान को मिली नई गति, नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में हुआ भव्य वृक्षारोपण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महाकुंभ-2026’ के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने के महाअभियान के अंतर्गत रविवार को नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान (लखनऊ जू) में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश एस.पी. गोयल (आईएएस) रहे। उन्होंने पारिजात का पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री सुरेंद्र सिंह एवं सयूरपाल गंगवार, अपर मुख्य सचिव पशुधन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य मुकेश मेश्राम, अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन वी. हेकाली झिमोमी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण सबत, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्राणी उद्यान प्रशासन ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राणी उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति-चिह्न के रूप में पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश कांडपाल सहित प्राणी उद्यान के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश को हरित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील राज्य बनाना है। एक दिन में 35 करोड़ पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प भी ले।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तर प्रदेश और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण और जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button