‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसहयोग, विकासनगर में बच्चों संग किया गया वृक्षारोपण
लखनऊ। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ महाअभियान के तहत थाना विकासनगर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष आलोक सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिस, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन विकासनगर थाना क्षेत्र के पिंक बूथ मामा लाइन स्थित बीडी स्कूल, शेखूपुर में किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मीना बाजपेई ने विद्यालय के प्रबंधक लालजी कटियार, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया और सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
उपनिरीक्षक मीना बाजपेई ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने बच्चों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित सभी लोगों ने ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश दिया गया। पुलिस और विद्यालय परिवार की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।



