थानाध्यक्ष आलोक सिंह के नेतृत्व में विकासनगर पुलिस की बड़ी सफलता
3 चोरी की घटनाओं का खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन की थाना विकासनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी का घरेलू सामान, वारदात में प्रयुक्त ईको कार और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विकासनगर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपी मिनी स्टेडियम, सेक्टर-11 के पास ईको कार में बैठकर अपने साथियों का इंतजार कर रहे हैं तथा दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 1/2 जुलाई 2026 की रात सेंट्रल एकेडमी और शहनाई गेस्ट हाउस के पास स्थित बंद पड़े तीन मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किया। मौके पर पहुंचे पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान भी की।
रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद ईको कार और मोटरसाइकिल से पहुंचकर मकानों के ताले तोड़ते और घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी के माल को बाद में आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी
- रविन्द्र राठौर (39), निवासी फरीदीपुर, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ।
- रावेन्द्र कुमार गौतम उर्फ छोटू (27), मूल निवासी हरदोई, वर्तमान निवासी फरीदीपुर, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ।
बरामदगी
- सोने-चांदी के आभूषण (अंगूठियां, पायल, बाली, चैन, बिछिया, टप्स आदि)
- चांदी के बर्तन एवं सिक्के
- घटना में प्रयुक्त ईको कार (UP32YN1401)
- घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (UP32QY0502)
आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी रावेन्द्र कुमार गौतम उर्फ छोटू के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी के 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी रविन्द्र राठौर के खिलाफ भी पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष विकासनगर आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए तीनों चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक विकुल मावी, उपनिरीक्षक अनुरुद्ध कुमार, मुख्य आरक्षी ऋषि तिवारी, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, आरक्षी दीपक कुमार मिश्रा, आरक्षी रामचन्द्रजी एवं आरक्षी रघुनन्दन की टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





