कुर्सी रोड पर बिजली के तारों का मकड़जाल बना खतरा, अतिरिक्त पोल व एबीसी केबल लगाने की उठी मांग

लखनऊ। राजधानी के कुर्सी रोड स्थित महावीर स्कूल के सामने घरों और दुकानों के ऊपर फैले बिजली के तारों का मकड़जाल स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। क्षेत्र में कुछ समय पहले विद्युत तारों की वजह से आग लगने की घटना भी हो चुकी है, जिसके बाद बिजली विभाग ने एक एचटी पोल तो स्थापित किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका।
इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद प्रत्याशी शैलेन्द्र लोधी ने अधिशासी अभियंता, 11 केवी एलटी (जी.एस.आई.), जानकीपुरम जोन, लखनऊ को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शैलेन्द्र लोधी ने बताया कि क्षेत्र में घरों एवं दुकानों के सामने से गुजर रहे खुले बिजली के तार कई जगहों पर जोड़े गए हैं, जिससे पूरा इलाका तारों के मकड़जाल में तब्दील हो गया है। ऐसे में शॉर्ट सर्किट, करंट फैलने और आग लगने जैसी बड़ी दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर डर और चिंता का माहौल है।
उन्होंने विभाग से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कर एक अतिरिक्त विद्युत पोल लगाया जाए तथा एबीसी (Aerial Bunched Cable) केबल और अन्य बिजली के तारों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने आवश्यक कदम नहीं उठाए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विभाग से जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि बिजली विभाग इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे क्षेत्र में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।



