विकासनगर पुलिस की तत्परता से मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

लखनऊ। विकासनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से घर से लापता हुए 19 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक राहुल निषाद को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, राहुल निषाद रविवार सुबह करीब 11 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर उसकी मां कमला निषाद ने सब्जी मंडी चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आलोक सिंह के निर्देशन में सब्जी मंडी चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह एवं पुलिस टीम ने तत्काल क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने राहुल को सकुशल बरामद कर लिया और उसकी मां कमला निषाद तथा बहन रानी निषाद के सुपुर्द कर दिया।
बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने विकासनगर पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए लखनऊ पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस मानवीय पहल से एक परिवार को बड़ी राहत मिली और स्थानीय लोगों ने भी विकासनगर पुलिस की सक्रिय कार्यशैली की प्रशंसा की।



