उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह बने IPS, उत्कृष्ट सेवा और उपलब्धियों का मिला सम्मान

लखनऊ/सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के वर्ष 2000 बैच के वरिष्ठ अधिकारी पूर्णेन्दु सिंह का भारत सरकार की 1 जुलाई 2026 की अधिसूचना के तहत भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन हो गया है। उनके चयन से पुलिस विभाग, उनके गृह जनपद सुल्तानपुर और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जनपद के ग्राम लामा बनकठा, मोतिगरपुर निवासी पूर्णेन्दु सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राइमरी पाठशाला गोपालपुर बड़ा गांव, केंद्रीय विद्यालय अमहट तथा एमजीएस इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), वाराणसी से उच्च शिक्षा पूरी की और समाजशास्त्र विषय में गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

वर्ष 2000 की उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में प्रवेश किया। अपने सेवाकाल के दौरान प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, गोंडा, फिरोजाबाद, मऊ, मिर्जापुर तथा लखनऊ सहित कई महत्वपूर्ण जनपदों में पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात और पुलिस अधीक्षक यातायात जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। प्रयागराज के कुंभ एवं माघ मेले में यातायात और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी का भी उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए पूर्णेन्दु सिंह को भारत के प्रधानमंत्री द्वारा प्रशंसा पत्र, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुंभ सेवा मेडल, उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा कमेंडेशन डिस्क (रजत, स्वर्ण एवं प्लेटिनम), केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा श्रेष्ठ विवेचक दक्षता पदक तथा 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

पुलिस सेवा के साथ-साथ खेलों में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वह प्रयागराज और आगरा पुलिस जोन फुटबॉल टीम के कप्तान रहे हैं तथा तैराकी में जोन स्तर के चैंपियन भी रहे। वर्ष 2005 की वार्षिक पुलिस परेड में पीएसी बल के ध्वजवाहक और लगातार पांच वर्षों तक गणतंत्र दिवस परेड के परेड कमांडर रहने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है।

इसके अलावा विजिलेंस, पावर कॉरपोरेशन, इंटेलिजेंस जैसी विशिष्ट इकाइयों में कार्य करने के साथ-साथ सीबीआई अकादमी, वीआईपी सुरक्षा, प्रतिष्ठान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पूर्णेन्दु सिंह को एक कुशल, अनुभवी और कर्मठ पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

भारत सरकार द्वारा IPS में चयन उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, नेतृत्व क्षमता और समर्पित पुलिसिंग का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button