राजनीति

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार काशी पहुंचे पंकज चौधरी

मनरेगा, बजट और PDA को लेकर सपा पर साधा निशाना

वाराणसी
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को अपने पहले काशी दौरे पर वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों, मनरेगा, बजट और विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर खुलकर अपनी बात रखी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मनरेगा को लेकर कहा कि इस योजना में भ्रष्टाचार के आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने इसकी कमियों को दूर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मनरेगा को पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है और इसके लिए लगातार सुधार किए गए हैं।
आगामी बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि इस बार का बजट भी आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के लिए लाभकारी साबित होगा।
समाजवादी पार्टी के PDA पंचांग पर प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि पहले सपा खुद तय करे कि PDA का असली अर्थ क्या है। उन्होंने कहा कि सपा इस मुद्दे पर खुद ही कन्फ्यूज है, जबकि भाजपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। जाति आधारित राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियों का हश्र जनता पहले ही बिहार में देख चुकी है।
भाजपा संगठन को लेकर पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहता है। उन्होंने ब्राह्मण विधायकों के सहभोज कार्यक्रम पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा किसी एक जाति की नहीं बल्कि सर्व समाज की पार्टी है और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ती है।
प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button