मध्यरात्रि में डीआरएम का औचक निरीक्षण, गेटमैन सतर्क मिले
गोरखपुर–आनंद नगर–बढ़नी–गोंडा रेल खंड पर संरक्षा व्यवस्थाओं की परखी गई हकीकत

लखनऊ, 8 जनवरी।
शीतकाल में कोहरे के बीच सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल ने 7/8 जनवरी की मध्यरात्रि गोरखपुर–आनंद नगर रेल खंड का औचक निरीक्षण किया।
डीआरएम ने गेट संख्या 11-सी एवं 13-सी पर गाड़ी रोककर ड्यूटी पर तैनात गेटमैनों की सतर्कता की जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी ड्यूटी पर पूरी तरह मुस्तैद पाए गए। अग्रवाल ने कर्मचारियों से सुरक्षित ट्रेन परिचालन को लेकर बातचीत की और रेल संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कोहरे के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) गौरव गुप्ता भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि डीआरएम ने इससे पूर्व 6/7 जनवरी की रात भी गोंडा–आनंद नगर खंड के समपार फाटक संख्या 74-सी, 69-सी, 68-सी और 66-सी का गाड़ी से औचक निरीक्षण कर फाटक कर्मचारियों की सजगता परखी थी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, शीत ऋतु में संरक्षा को लेकर कई विशेष उपाय किए जा रहे हैं। गेटमैनों को अतिरिक्त सावधानी बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और कर्मचारियों की विशेष ट्रेनिंग पर जोर दिया जा रहा है ताकि कोहरे में भी सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।
डीआरएम गौरव अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। औचक निरीक्षणों के जरिए कर्मचारियों की सजगता लगातार जांची जा रही है। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि वे रेल संरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना रेल अधिकारियों को दें।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल शीतकाल में निर्बाध और सुरक्षित रेल संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



