पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

बदायूं
बदायूं में बुजुर्ग महिला की हत्या व लूटपाट के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के डहरपुर मार्ग के पास की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, इसी दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के दोनों पैरों में लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त बीते दिनों दातागंज कोतवाली क्षेत्र के पापड़ गांव में एक बर्तन व्यापारी के घर लूटपाट की घटना में शामिल था। लूट के दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नकदी, जेवरात और एक अवैध असलहा भी बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीओ दातागंज के. के. तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



