हरियाली पर आरा, सरेशाम कट रहे हरे पेड़
गुडंबा क्षेत्र में बेखौफ पेड़ माफिया, जिम्मेदार मौन

लखनऊ।
एक ओर सरकार और प्रशासन हरियाली बचाने के लिए सख्त नियम और अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजधानी के पूर्वी ज़ोन में पेड़ माफिया खुलेआम हरे पेड़ों पर आरा चला रहे हैं। गुडंबा इलाके की बेहटा चौकी अंतर्गत चक कौड़ियामऊ में सरेशाम अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मुंह पर सॉल लपेटे एक युवक को पेड़ काटते देखा गया है, जिसकी पहचान सुनील गौतम के रूप में बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुनील गौतम लंबे समय से अवैध पेड़ कटान समेत कई गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसे न कानून का डर है, न प्रशासन का।
बताया जा रहा है कि सुनील गौतम के खिलाफ बाराबंकी के घुंघटेर थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहां से फरार होकर वह राजधानी लखनऊ में अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। कुछ दिन पहले भी अवैध पेड़ कटान से जुड़ी एक खबर प्रकाशित हुई थी, जिसमें सुनील का नाम सामने आया था। आरोप है कि इसके बाद साजिश रचकर खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार पर ही अधिकारियों को गुमराह कर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
सूत्रों का दावा है कि सुनील गौतम खुद को एक मंत्री का खास बताकर लोगों को डराता-धमकाता है और कहता है कि उस पर “बड़े लोगों का हाथ” है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसी दावे के चलते क्षेत्र में उसका दबदबा बना हुआ है और अवैध कार्य लगातार जारी हैं।
अब सवाल यह है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को और अधिक हौसला मिलेगा और हरियाली पर लगातार आरी चलती रहेगी।



