उत्तर प्रदेश
सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव में जुटेंगे देश के दिग्गज नेता
गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, सीएम योगी सहित कई मुख्यमंत्री होंगे शामिल

- मथुरा।
श्रीधाम वृन्दावन में स्थित सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के शीर्ष नेता और संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई अन्य मंत्री और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
वृन्दावन के तत्वावधान में आयोजित इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण आयोजनों को एक साथ मनाया जाएगा। पहला, जगद्गुरु श्री रामानन्दाचार्य जी महाराज का 726वां जयंती महोत्सव और दूसरा, श्री सुदामा कुटी के संस्थापक महन्त श्रीसुदामादास जी महाराज के श्रीधाम वृन्दावन आगमन का शताब्दी महोत्सव।
एक शताब्दी की अनवरत सेवा
बताया गया कि वर्ष 1925 में साकेतवासी, प्रातः स्मरणीय अनन्त श्रीविभूषित वैष्णवकुलभूषण, गौ-संत सेवी सद्गुरुदेव महन्त श्रीसुदामादास जी महाराज ने वृन्दावन में पदार्पण किया था। तब से लेकर आज तक सुदामा कुटी ने गौ सेवा, अन्न क्षेत्र, संत सेवा, वेद विद्यालय, धर्मार्थ औषधालय और वेद विद्यार्थियों की सेवा के माध्यम से समाज सेवा की मिसाल पेश की है। यह शताब्दी महोत्सव इसी निरंतर सेवा परंपरा को नमन करने का अवसर है।
ऐतिहासिक स्थल पर होगा आयोजन
यह भव्य कार्यक्रम ऐतिहासिक कुम्भ पूर्व वैष्णव बैठक स्थल, वृन्दावन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर संत समाज और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस महोत्सव के माध्यम से धर्म, संस्कृति और सेवा की उस परंपरा को रेखांकित किया जाएगा, जिसने बीते सौ वर्षों से वृन्दावन और समाज को दिशा देने का कार्य किया है।



