यूपी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नया आयाम, आज खुलेगी अशोक लेलैंड की ईवी फैक्टरी

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश आज इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड स्थित सरोजिनी नगर एक्सटेंशन में अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) फैक्टरी का आज भव्य उद्घाटन किया जाएगा। यह फैक्टरी प्रदेश में हरित और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी शामिल होंगे। फैक्टरी का औपचारिक उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11:10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
इस मौके पर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। नई ईवी फैक्टरी से उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रिक वाहनों पर केंद्रित यह यूनिट उत्तर प्रदेश को ई-मोबिलिटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी। सरकार और उद्योग जगत की साझेदारी से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की संभावना है।



