सोहगीबरवा जंगल में किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद, जंगली जानवर के हमले की आशंका

महराजगंज (यूपी), 10 जनवरी 2026
महराजगंज जिले के सोहगीबरवा थाना क्षेत्र स्थित जंगल में शनिवार सुबह एक किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका की पहचान सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब 15 वर्षीय गुड्डी चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गुड्डी शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी सहेलियों के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। शाम तक उसकी सभी सहेलियां घर लौट आईं, लेकिन गुड्डी के वापस न आने पर परिजन चिंतित हो गए। रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे जंगल के भीतर गुड्डी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद भयावह बताई जा रही है। ग्रामीणों का मानना है कि किशोरी पर किसी जंगली जानवर, संभवत: बाघ या तेंदुए ,ने हमला किया है। शरीर के कई हिस्से क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, जिससे जंगली जानवर के हमले की आशंका और गहराती जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि मामले की जांच वन विभाग, पुलिस और बिहार वन विभाग की संयुक्त टीम कर रही है। संदिग्ध जानवर के पदचिह्नों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
डीएफओ ने एहतियातन ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



