कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा माह के तहत वाहन चेकिंग, ‘आधी-आधी पी’ कहने वालों की गाड़ियां सीज

कानपुर,10 जनवरी 2026
सड़क सुरक्षा माह के तहत जनपद कानपुर देहात में शुक्रवार को बारा टोल प्लाजा पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाई गई, वहीं वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक भी किया गया।
चेकिंग के दौरान एआरटीओ प्रशासन प्रशांत तिवारी और एआरटीओ प्रवर्तन सोमलता यादव ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और हेलमेट, सीट बेल्ट समेत अन्य नियमों का पालन करने की अपील की। इसी दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के दो मामले सामने आए। ब्रेथ एनालाइजर जांच में दोनों चालक शराब के नशे में पाए गए।
दोनों चालकों ने यह कहकर बचने की कोशिश की कि उन्होंने “सिर्फ आधी-आधी पी है”, लेकिन अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया।
एआरटीओ प्रवर्तन प्रशांत तिवारी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत टोल प्लाजा पर वाहनों में रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि रिफ्लेक्टर लगाने से रात या कम रोशनी में वाहनों की दृश्यता बढ़ती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है।
इस मौके पर बारा टोल प्लाजा के जीएम मनोज शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।



