IDL टी-20 लीग 2026: अंकित सचान के हरफनमौला खेल से जनरल एडमिन की जीत, इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स भी विजयी

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ की ओर से ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग (IDL) 2026 में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। दिन के दूसरे मुकाबले में अंकित सचान के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन और राहुल यादव की सधी हुई कप्तानी में जनरल एडमिन टीम ने सिग्नल टावर को 39 रन से हरा दिया।
पहले मैच में इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स और ट्रैक्शन टाइगर्स के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए। कप्तान मनीष झा ने 29 गेंदों पर 48 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि रोहित ने 39 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ट्रैक्शन टाइगर्स की ओर से हरिनाम यादव और राजीव कुमार ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैक्शन टाइगर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन ही बना सकी। जाफर अली ने नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जगन्नाथ मिश्रा ने 42 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई। इंजीनियरिंग डेयरडेविल्स की ओर से रोहित ने 21 रन देकर 4 विकेट झटके और मोहम्मद फिरोज ने 2 विकेट लिए।
दिन के दूसरे मुकाबले में सिग्नल टावर और जनरल एडमिन आमने-सामने रहे। सिग्नल टावर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। जनरल एडमिन ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अताउल्लाह ने 43 रन, जबकि अंकित सचान ने 41 रन की अहम पारी खेली। रंजीत कुमार ने भी 20 रन का योगदान दिया।
जवाब में सिग्नल टावर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 130 रन बना सकी। अंकुर श्रीवास्तव और प्रदीप प्रजापति ने 26-26 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 39 रन पीछे रह गई। जनरल एडमिन की ओर से सनी सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अंकित सचान ने 2 विकेट लेकर अपने हरफनमौला प्रदर्शन को और मजबूत किया।
IDL टी-20 लीग 2026 में मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



