उत्तर प्रदेश

मौनी अमावस्या पर प्रयाग जं. और फाफामऊ में चाक-चौबंद व्यवस्था, ICC से संभाली गई कमान

श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए उत्तर रेलवे तैयार, प्रयाग जंक्शन से चार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चली

प्रयागराज, 18जनवरी2026
मौनी अमावस्या स्नान पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ रेलवे स्टेशन पर व्यापक और सुदृढ़ भीड़ प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित की है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सिविल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर (ICC) के माध्यम से दोनों स्टेशनों की कमान स्वयं संभाली और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की।
भीड़ के दबाव को कम करने के लिए प्रयाग जंक्शन से संचालित नियमित ट्रेनों और मेला स्पेशल ट्रेनों के अलावा शाम 6 बजे तक चार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रही। रेलवे प्रशासन ने संभावित भीड़ वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल स्टाफ और आरपीएफ को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रयाग जंक्शन स्टेशन परिसर में बम स्क्वायड द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके साथ ही यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, की सहायता और मार्गदर्शन के लिए कमर्शियल स्टाफ, सिविल डिफेंस तथा स्काउट एंड गाइड की टीमें तैनात की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भीड़ प्रबंधन की इन व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के लिए इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी प्रयाग जंक्शन का दौरा किया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, विभागीय समन्वय, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और जमीनी स्तर पर तैनात स्टाफ की कार्यप्रणाली को समझते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। माघ मेला और स्नान पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button