उत्तर प्रदेश
गणतंत्र दिवस परेड को लेकर बदलेगा लखनऊ का ट्रैफिक
22, 24 और 26 जनवरी को डायवर्जन, 24 को फुल ड्रेस रिहर्सल

लखनऊ।
गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों के चलते राजधानी लखनऊ में 22, 24 और 26 जनवरी को यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। 22 जनवरी को परेड का पूर्वाभ्यास, 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल और 26 जनवरी को मुख्य परेड आयोजित की जाएगी। इस दौरान विधान भवन, चारबाग और हजरतगंज क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूल वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर सुगम निकास दिया जाएगा।
चारबाग और आसपास रहेगा खास डायवर्जन
सुबह 8 बजे से चारबाग रेलवे स्टेशन (बाल विद्या मंदिर के पास) यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
- आलमबाग और मवैया की ओर से चारबाग आने वाले वाहन लाटूश रोड, बांसमंडी चौराहा और कैसरबाग की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
- डीएवी कॉलेज ओवरब्रिज, बांसमंडी और गुरु गोविंद सिंह चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
- मोहन होटल, केकेसी और राणा प्रताप चौराहा क्षेत्र में भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
विधान भवन के सामने पूरी तरह प्रतिबंध - 25 जनवरी दोपहर 2 बजे से हजरतगंज चौराहे से रायल होटल (बापू भवन) तक विधानसभा मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
- नावेल्टी (लालबाग) से कैपिटल तिराहा के बीच केवल कार पास वाले वाहनों को अनुमति होगी।
- डीएसओ चौराहा से सिसेंडी तिराहा तक सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
हजरतगंज और आसपास के मार्ग - हजरतगंज से मेफेयर, परिवर्तन चौक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
- महानगर और निशातगंज की ओर से आने वाले वाहन 1090 चौराहा, जियामऊ, गोल्फ क्लब, बंदरियाबाग होते हुए भेजे जाएंगे।
- जनपथ मार्केट और पार्क रोड की ओर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।



