उत्तर प्रदेश

IRTM लखनऊ को मिली फाइव-स्टार रैंकिंग, रेलवे ट्रेनिंग में देश का पहला सेंट्रलाइज्ड संस्थान बना

क्षमता निर्माण आयोग ने राष्ट्रीय मानक के तहत सर्वोत्कृष्ट केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान का दर्जा दिया

लखनऊ- 23जनवरी 2026

भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRTM) लखनऊ ने रेलवे प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग द्वारा किए गए ऑडिट में संस्थान को राष्ट्रीय मानक के तहत सर्वोत्कृष्ट (फाइव-स्टार) केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। यह देश का पहला रेलवे सेंट्रलाइज्ड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है जिसे फाइव-स्टार रैंकिंग प्राप्त हुई है।
यह प्रतिष्ठित मान्यता भारत सरकार के चुनिंदा संस्थानों को ही प्रदान की जाती है। इस सम्मान के साथ भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान देश के अग्रणी प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल हो गया है, जो भारतीय रेलवे पारितंत्र में व्यावसायिक विकास, नवाचार और नेतृत्व निर्माण में नए मानक स्थापित कर रहा है।
संस्थान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है। इसके प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, ऑपरेशनल दक्षता, नीति निर्माण, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और सतत विकास जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
इस अवसर पर संस्थान के महानिदेशक रंजन प्रकाश ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि का श्रेय संकाय सदस्यों और कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि फाइव-स्टार रैंकिंग संस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता, व्यावसायिकता और उत्कृष्टता का प्रतीक है।
महानिदेशक ने कहा कि यह मान्यता रेलवे प्रशिक्षण में नवाचार, शिक्षार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को और मजबूत करने के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और परिवहन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता निर्माण में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button