उत्तर प्रदेश

केंद्रीय कार्यशाला खाली कराने के फैसले पर उबाल, आरआर परिसर में सैकड़ों नगर निगम कर्मियों का प्रदर्शन

विश्वकर्मा भगवान के सामने कर्मचारियों की हुंकार, बोले– बिना वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होगा स्थानांतरण

लखनऊ:
लखनऊ नगर निगम की केंद्रीय कार्यशाला (आरआर) को खाली कराए जाने और परिसर में संचालित पेट्रोल पंप को बंद किए जाने के फैसले ने कर्मचारियों के बीच भारी नाराज़गी पैदा कर दी है। सोमवार को नगर निगम आरआर कर्मचारी संघ के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी गोमती नगर स्थित आरआर वर्कशाप परिसर में एकत्र हुए और प्रशासन के फैसले के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी परिसर में स्थापित विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति के समक्ष जुटे और नगर निगम प्रशासन पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। कर्मचारियों का कहना है कि बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के केंद्रीय कार्यशाला को खाली कराने का आदेश न सिर्फ कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि नगर निगम की आवश्यक सेवाओं के लिए भी गंभीर संकट खड़ा कर सकता है।
कर्मचारियों ने बताया कि महापौर द्वारा निरीक्षण के बाद परिसर में चल रहे पेट्रोल पंप को अचानक बंद करा दिया गया, जिसके चलते निगम के कई वाहन ईंधन के अभाव में शहर के अलग-अलग इलाकों में खड़े हो गए। इसका सीधा असर मोबाइल टॉयलेट, कूड़ा उठान, स्ट्रीट लाइट और मरम्मत कार्यों पर पड़ा है।
आरआर परिसर में प्रतिदिन करीब 250 कर्मचारी नगर निगम की भारी मशीनरी और वाहनों के मेंटेनेंस का जिम्मा संभालते हैं। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब कार्यशाला खाली करने का आदेश दिया जा रहा है, तो इन कर्मचारियों और मशीनों को आखिर कहां स्थानांतरित किया जाएगा।
संघ ने यह भी आपत्ति जताई कि सर्वोदय नगर में जिस वैकल्पिक स्थल को चिन्हित किया गया है, वह न केवल मौजूदा परिसर से छोटा है, बल्कि वहां कब्रिस्तान भी स्थित है, जिससे कार्य करना असुरक्षित और अव्यवहारिक होगा। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें विश्वास में लेकर, पर्याप्त स्थान और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के बाद ही किसी भी तरह का स्थानांतरण किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button