कुंभ-2027 की तैयारियों पर सीएम धामी सख्त, अक्टूबर तक पूरे हों सभी काम
निर्माण में देरी पर तय होगी जवाबदेही, पुलों के ऑडिट और घाटों के सौंदर्यीकरण के निर्देश

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य हर हाल में अक्टूबर माह तक पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर फाइल लंबित नहीं रहनी चाहिए, लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कुंभ मेला भव्य, दिव्य और सुरक्षित तरीके से आयोजित हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव को 24 घंटे के भीतर कुंभ के लिए टेक्निकल पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने और सभी घाटों के सौंदर्यीकरण व आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण के आदेश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर स्नान की बेहतर व्यवस्था हो। मेला क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए तथा प्रमुख स्थलों पर शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों और जल पुलिस की तैनाती की जाए। ड्रोन, सीसीटीवी और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और पार्किंग की अलग से विस्तृत योजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों को भूमि आवंटन तय समय पर किया जाए, जिसकी निगरानी स्वयं मेलाधिकारी करें। अखाड़ों, संत समाज, मठों, संस्थाओं और स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद और समन्वय बनाकर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां की जाएं।
उन्होंने कुंभ क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने, वन संबंधी मामलों में शीघ्र अनुमति लेने और अन्य राज्यों से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल मेडिकल टीमों की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला हमारी संस्कृति, आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा आयोजन है। जो भी श्रद्धालु उत्तराखंड आए, वह यहां से एक अच्छा और सुरक्षित अनुभव लेकर जाए—यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, रेनू बिष्ट, अनुपमा रावत, रवि बहादुर, उत्तराखण्ड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



