नवजात शिशु देखभाल सप्ताह: बादशाहनगर मंडल चिकित्सालय में बेबी किट का वितरण

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में चल रहे ‘नवजात शिशु देखभाल सप्ताह’ के तहत शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता ने बादशाहनगर स्थित मंडल चिकित्सालय में नवजात शिशुओं को वाटरप्रूफ शीट, बेबी किट और डायपर वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान परिजनों को नवजात शिशुओं की जीवन के शुरुआती दिनों और हफ्तों में आवश्यक देखभाल, स्वच्छता और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के बाद प्रारंभिक देखभाल शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए बेहद जरूरी होती है।
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्ष मानसी सिंह, सचिव स्मृति सचान, संयुक्त सचिव अदिति सिंह सहित महिला समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मंडल चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रमेश चंद्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अनामिका सिंह एवं अन्य चिकित्साधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को लेकर परिवारों में सजगता बढ़ाई जा सके।



