उत्तर प्रदेश

लखनऊ में रेल यात्रियों को मिलेगा बेहतर खानपान, IRCTC और GRP मिलकर चलाएंगे अभियान

लखनऊ, 19 फरवरी 2026

ट्रेनों में यात्रियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) और Government Railway Police (Government Railway Police) के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में रेल परिसरों और ट्रेनों में खानपान सेवाओं के सुचारु संचालन तथा अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई को लेकर रणनीति तय की गई।
IRCTC के लखनऊ मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा और उत्तर प्रदेश राज्य के एडीशनल डायरेक्टर जनरल जीआरपी के बीच हुई चर्चा में बताया गया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों से लगभग 150 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होती हैं, जबकि करीब 300 ट्रेनें यहां से गुजरती हैं। प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की एस्कॉर्ट व्यवस्था भी रहती है।
बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा कि कई बार अधिक भीड़, सामान रखने की जगह की कमी और अवैध वेंडरों की वजह से अधिकृत सेवा प्रदाताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में बाधा आती है। IRCTC ने जीआरपी से अपेक्षा की है कि अनाधिकृत विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई कर अधिकृत वेंडरों को सहयोग दिया जाए।
कैटरिंग स्टाफ के लिए विशेष ड्रेस कोड, पहचान पत्र और लाइसेंस नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्री आसानी से अधिकृत वेंडर की पहचान कर सकें। साथ ही कुछ प्रमुख रेल खंडों—प्रयाग-फूलपुर, प्रयागराज-वाराणसी, बनारस-भदोही, वाराणसी-रायबरेली, झांसी-उरई-कानपुर, झांसी-ललितपुर, इटावा-टूंडला, देवरिया-भटनी-छपरा, खलीलाबाद-गोंडा-बाराबंकी तथा हरदोई-शाहजहांपुर-बरेली—में विशेष निगरानी और संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
निर्णय लिया गया कि जहां भी सेवा प्रदान करने में समस्या सामने आएगी, वहां रेलवे, IRCTC और जीआरपी संयुक्त रूप से ड्राइव चलाकर व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से रेल यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर खानपान सेवा सुनिश्चित की जा सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button