उन्नाव में जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, चोरी का माल बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

उन्नाव, 22 फरवरी 2026। जीआरपी थाना उन्नाव ने चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया माल बरामद किया है। कार्रवाई रेलवे स्टेशन उन्नाव के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर कानपुर की ओर आउटर के पास की गई।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी उन्नाव की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान साजिर अली उर्फ अल्लू (20) निवासी पत्थर कॉलोनी, ईद गांव, थाना सदर कोतवाली, जनपद उन्नाव के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पीली धातु की चेन, वादी मुकदमा का आधार कार्ड तथा 2010 रुपये नकद (500-500 रुपये के चार नोट और 10 रुपये का एक नोट) बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 06/2026 धारा 305(सी)/317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी जीआरपी कानपुर सेंट्रल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लोकेंद्र सिंह, कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल मोहित तोमर, हेड कांस्टेबल ऋषि कुमार शुक्ला, कांस्टेबल राजकुमार यादव एवं कांस्टेबल विभोर (सर्विलांस सेल) शामिल रहे।
जीआरपी की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।



