रहीमाबाद में अवैध विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार, 135 पव्वे बरामद

लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के जोन-उत्तरी अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र में आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध विदेशी शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी कर एक शातिर युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 109 अदद पव्वे और 26 अदद अद्धे समेत कुल 135 बोतलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को आबकारी निरीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रसैना क्षेत्र में आम के बाग के पास बने एक गोदाम पर दबिश दी। मौके से अवैध विदेशी शराब का जखीरा बरामद हुआ। बोतलों पर लगे क्यूआर कोड संदिग्ध पाए गए, जिससे उनके फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से रंजीत यादव (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी ग्राम रामपुर, थाना माल, जनपद लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त था। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



