उत्तर प्रदेश

मऊ में अंडरपास की मांग को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा सक्रिय, रेल मंत्री को लिखा पत्र

  • लखनऊ, 9 मार्च। जनपद मऊ में रेल फाटकों की समस्या और आमजन को होने वाली परेशानियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री A. K. Sharma ने पहल की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw को पत्र लिखकर मऊ–शाहगंज रेलखंड के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अंडरपास या रेल फाटक बनाए जाने की मांग की है।

मंत्री शर्मा ने पत्र में कहा कि हैदरनगर और अलीनगर को जोड़ने वाले मार्ग पर अंडरपास न होने के कारण स्थानीय लोगों को करीब 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाई होती है। उन्होंने इस स्थान पर शीघ्र अंडरपास निर्माण कराए जाने की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा बरलाई–खानपुर मार्ग स्थित ठकुरमनपुर रेलवे लाइन के 5सी फाटक पर भी अंडरपास बनाने की मांग की गई है। मंत्री शर्मा के अनुसार यहां अंडरपास न होने से लोगों को लगभग 8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। अंडरपास बनने से खानपुर, बरलाई, अछार, हकीकतपुर वार्ड, ठकुरमनपुर और काझाखुर्द समेत आसपास के गांवों की करीब 15 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

मंत्री शर्मा ने अपने पत्र में संपर्क संख्या 14सी, 25सी और 27सी पर भी रेल फाटक अथवा अंडरपास बनाए जाने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि इन रास्तों से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं और दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा तथा मोहम्मदी जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान भी इन मार्गों का व्यापक उपयोग होता है। ऐसे में यहां सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था जरूरी है।

बताया गया कि मंत्री शर्मा ने इस विषय में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर भी बातचीत की। रेल मंत्री ने प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस बीच मंत्री शर्मा ने मऊ के इंदारा-अदरी रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का हाल ही में रात्रि में निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि कार्य की गति संतोषजनक है और उम्मीद है कि यह परियोजना लगभग एक वर्ष में पूरी हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button