अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों के विकास कार्यों की समीक्षा

लखनऊ। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने रविवार को लखनऊ–दर्शन नगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में रेल संरक्षा, ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली और रेल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा और मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। टीम ने मल्हौर, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम और दर्शन नगर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था, स्टेशन तक पहुंच मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने स्थानीय मीडिया से बातचीत कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं दर्शन नगर स्टेशन पर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर से रेल संचालन से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी कार्य दक्षता का परीक्षण भी किया।
इसके बाद वह अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए दूसरे चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कर यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
महाप्रबंधक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का विकास यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



