उत्तर प्रदेश

नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में धूमधाम से मनाया गया विश्व गौरैया दिवस

लखनऊ। राजधानी स्थित नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में शुक्रवार को विश्व गौरैया दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। प्राणी उद्यान के सारस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, विद्यार्थी और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार रहे।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन वी. हेकाली झिमोमी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) अनुराधा वेमुरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक बी. प्रभाकर, प्राणी उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल, उपनिदेशक डॉ. उत्कर्ष शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी दिनेश बडोला सहित कई अधिकारी और छात्र मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राणी उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत कर की। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि 20 मार्च को केवल एक पक्षी का दिवस नहीं, बल्कि जैव विविधता के एक महत्वपूर्ण हिस्से का उत्सव मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कभी घरों के आंगन में चहकने वाली गौरैया अब तेजी से कम होती जा रही है, जिसे बचाने के लिए लोगों को घरों में दाना-पानी रखना, घोंसले लगाने और कीटनाशकों का कम उपयोग करने की आवश्यकता है।

मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार ने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को गौरैया दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौरैया पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह कीट-पतंगों को खाकर खेती और पर्यावरण की रक्षा करती है तथा बीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाकर पेड़-पौधों के प्रसार में मदद करती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कंक्रीट और कांच के मकानों के कारण गौरैया को घोंसला बनाने की जगह नहीं मिलती, जिससे उनकी संख्या घट रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों की छतों और बालकनी में पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने की अपील की।

कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय की जंतु विज्ञान विभाग की प्रोफेसर अमिता कनौजिया द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से आगंतुकों को गौरैया संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान गौरैया के लिए घोंसले, मिट्टी के बर्तन, पौधे और दाना नि:शुल्क वितरित किए गए।

विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर प्राणी उद्यान की ओर से छात्रों के लिए गौरैया विषय पर क्विज और निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें शिवानी पब्लिक स्कूल, टीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, डीपीएस गोमतीनगर, बाल विद्या मंदिर, आदर्श विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल, एमिकस अकादमी और सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विजेता छात्रों को मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया।

इसके साथ ही फरवरी 2026 में राजभवन में आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्राणी उद्यान के शिक्षा अधिकारी अभिषेक दुबे को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बायोलॉजिस्ट प्रशांत त्रिपाठी ने किया, जबकि अंत में आशुलिपिक अनूप चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button