लखनऊ में नौकरी का झांसा, दुष्कर्म और ठगी: 3.80 लाख हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के विकासनगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, शारीरिक शोषण और नशीला पदार्थ देकर गर्भपात कराने की कोशिश के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन की टीम ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकुर अग्रवाल (38) को जानकीपुरम स्थित उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से कुशीनगर जिले के पडरौना का रहने वाला है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम-
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता को नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 3.80 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद बहला-फुसलाकर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक शोषण किया।
इतना ही नहीं, पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे गर्भपात कराने की कोशिश की गई।
मुकदमा दर्ज, जांच में बदली धाराएं-
इस मामले में 1 मार्च 2026 को विकासनगर थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर धाराओं में संशोधन भी किया गया।
पुलिस टीम को मिली सफलता-
विकासनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये रही कार्रवाई करने वाली टीम-
इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में उप0निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उप0निरीक्षक विनोद कुमार, उप0निरीक्षक रामकुमार, उप0निरीक्षक आनंद कुमार, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार, महिला आरक्षी सीमा चौरसिया, आरक्षी रघुवीर पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही, जिन्होंने सटीक सूचना पर कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा।



