उत्तर प्रदेश

गंगा ब्रिज से रायबरेली रूट तक DRM का सख्त निरीक्षण, स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं सुधारने के निर्देश

लखनऊ उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को लेकर शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सुनील कुमार वर्मा ने व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान लखनऊ–कानपुर गंगा ब्रिज रेल खंड से लेकर उन्नाव–रायबरेली रेल लाइन तक विंडो ट्रेलिंग के जरिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण का फोकस रेलवे सुरक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर रहा।

सबसे पहले मानक नगर रेलवे स्टेशन पर DRM ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयसीमा में पूरे हों और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं—जैसे स्वच्छ शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और आरामदायक प्रतीक्षालय—प्राथमिकता पर उपलब्ध कराई जाएं।

इसके बाद हरौनी स्टेशन पर निर्माणाधीन रेल ओवर ब्रिज (ROB) का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता और गति पर संतोष जताया, लेकिन सुरक्षा संकेतक, साफ-सफाई और रोशनी बेहतर करने के निर्देश भी दिए। कानपुर पुल के पास निरीक्षण के दौरान DRM ने मीडिया से बातचीत में बताया कि गंगा पुल पर रेल लाइन में नए स्लीपर डालने की तैयारी चल रही है, जिससे ट्रैक की मजबूती बढ़ेगी।

उन्नाव स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और यात्री सूचना प्रणाली की गहन जांच की गई। इस मौके पर दैनिक यात्री संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन DRM को सौंपा, जिस पर उन्होंने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

निरीक्षण आगे बढ़ते हुए बीघापुर, तकिया, लालगंज और डलमऊ स्टेशनों तक पहुंचा, जहां DRM ने साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डलमऊ स्टेशन पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।

लालगंज और डलमऊ के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 63-सी का भी निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए।

DRM सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि लखनऊ मंडल में सुरक्षा, समयबद्धता और यात्री सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। सभी स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट DRM के सामने प्रस्तुत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button