पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ- राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में पेट्रोल डालकर एक व्यक्ति को जिंदा जलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने राकेश यादव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस हरकत में आई और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 25 मार्च की रात पैसे और खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में उसने पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरसेन चौधरी उर्फ बिगर (33) निवासी त्रिवेणी नगर, अलीगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस मामले में अलीगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।



