अपराधउत्तर प्रदेश

जमीन दिलाने के नाम पर 14 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ- राजधानी लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.50 लाख रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर निवासी पीड़ित 27 मार्च को जमीन खरीदने के लिए लखनऊ आया था। आरोपियों ने उसे इंदिरानगर स्थित एक कैफे में बातचीत के बहाने बुलाया और मौका पाकर उसके बैग में रखे 14 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।

मामले की शिकायत मिलने पर गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी सृजन पांडेय (22) निवासी गोमतीनगर को 29 मार्च को फैजाबाद रोड स्थित पॉलीटेक्निक चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 1,50,000 रुपये बरामद हुए, जो लूट की रकम का हिस्सा बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और लूट की रकम आपस में बांट ली थी।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कमिश्नरेट पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button