उत्तर प्रदेश
खीरी से रेस्क्यू किया गया तेंदुआ, नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में भर्ती

लखनऊ। उत्तर खीरी वन प्रभाग की टीम ने लखीमपुर खीरी जिले के सिंधौना ग्राम पंचायत (लट्ठौवा बीट) क्षेत्र से एक नर तेंदुए को रेस्क्यू कर सुरक्षित लखनऊ पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि करीब 6–7 वर्ष आयु का यह तेंदुआ 28 मार्च की रात करीब 11:10 बजे पकड़ा गया था।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सोमवार (30 मार्च) को सुबह करीब 11:30 बजे नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में शिफ्ट किया। यहां उसे वन्यजीव चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल वह सुरक्षित है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को उसके प्राकृतिक आवास से भटककर आबादी क्षेत्र में आने के चलते रेस्क्यू करना पड़ा।



