रेलवन ऐप को बढ़ावा देने के लिए ‘SAMADHAN’ अभियान, लखनऊ मंडल का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ:
डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने ‘SAMADHAN’ अभियान के तहत रेलवन (RailOne) ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मथुरा नगर, दरियाबाद में हुआ, जिसमें करीब 40 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को रेलवन ऐप की उपयोगिता और इसकी विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के जरिए यात्री टिकट बुकिंग, ट्रेन की जानकारी और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इस मौके पर 19 प्रतिभागियों के मोबाइल फोन में रेलवन ऐप डाउनलोड कराया गया। वहीं, एक प्रतिभागी ने मौके पर ही ऐप के माध्यम से वॉलेट रिचार्ज और टिकट बुकिंग कर डिजिटल सेवा का अनुभव भी लिया।
अधिकारियों के अनुसार, ‘SAMADHAN’ अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, ताकि रेलवे सेवाएं आसान और सुलभ हो सकें। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।



