लखनऊ स्टेशन पर अवैध वेंडरों पर कार्रवाई, 5 अनधिकृत विक्रेता पकड़े गए

लखनऊ: यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने अवैध वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर चलाए गए सघन जांच अभियान में 5 अनधिकृत विक्रेताओं को पकड़ा गया।
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गाड़ी संख्या 13006 और प्लेटफॉर्म 4/5 पर गाड़ी संख्या 15119 में निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाणिज्य विभाग की कैटरिंग टीम और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ऐसे विक्रेता पकड़े गए, जो बिना वैध अनुमति के खाद्य पदार्थ बेच रहे थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ये विक्रेता निम्न गुणवत्ता का सामान बेचते पाए गए, जिससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर खतरा हो सकता था। सभी आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर उनके पास से खाद्य सामग्री जब्त की गई और आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ को सौंप दिया गया।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी शिकायत की स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन का उपयोग करें।



